कठुआ। पिछले एक माह से शहर में अक्सर रात में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलता रहा। बुधवार को यह दिन में महाअभियान बन गया। जिला उपायुक्त रोहित खजूरिया के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने कठुआ शहर और आसपास के इलाकों में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सैकड़ों अवैध ढांचों को गिराने के साथ ही टीम ने रेलवे रोड, जंगलोट रोड, कालीबड़ी, अंबेडकर चौक, जराई चौक को अतिक्रमण मुक्त करवाया।
दोपहर के समय शुरू हुई कारवाई शाम तक जहां रेलवे रोड पर चली। इसके बाद अतिक्रमण हटाने गई टीम ने शहर के अन्य हिस्सों का रुख कर लिया। अंबेडकर पुल के नजदीक दुकानों समेत कई अन्य ढांचों पर कार्रवाई कर ढहा दिया गया। शाम ढलने के साथ ही जिला उपायुक्त के नेतृत्व में टीम अभियान को आगे बढ़ाते हुए अंबेडकर चौक और जराई चौक की ओर बढ़ गई। कार्रवाई के दौरान निर्मार्णाधीन कुछ ढांचे ढहाए गए, तो जराई चौक पर दुकानों के बाहर होर्डिंग, अवैध ढांचे और बोर्ड गिरा दिए गए। इस बीच बड़ी संख्या में लोग भी टीम की कार्रवाई को देखने के लिए उमड़ पड़े। पिछले एक महीने में शहर में हुई कार्रवाई के बाद शहर के चौक चौराहों से अतिक्रमण लगभग समाप्त होने की ओर है। इससे जहां जाम की स्थिति से निजात मिलेगी वहीं हादसों की आशंका भी कम रहेगी। रेलवे रोड पर प्रशासन की ओर से डेढ़ सप्ताह पहले भी अतिक्रमण हटाया गया था और कुछ लोगों को चेतावनी भी दी गई थी कि टीम की अगली कार्रवाई से पहले दुकानों के बाहर लगाए गए अवैध ढांचे ढहा दें, लेकिन लोग नहीं हटे तो प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए जेसीबी की मदद से ढाचे तोड़ दिए।