कठुआ। अवैध पार्किंग करने वालों को सबक सिखाने के लिए ट्रैफिक विभाग ने शुक्रवार को अपनी चेतावनी के अनुसार स्टीकर चालान के लिए अभियान शुरू कर दिया। इसके साथ ही अन्य वाहनों और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को भी जुर्माना किया गया। शुक्रवार को विभाग ने 335 वाहनों को चालान किया। इसके साथ ही 74 हजार से अधिक का जुर्माना भी वसूल किया। पहले दिन टीम ने 10 वाहनों को स्टीकर लगाकर चालान किया।
एसपी ट्रैफिक रूरल मोहन लाल कैथ ने बताया कि चेतावनी के बाद पहले दिन 10 वाहनों को अवैध पार्किंग के लिए चालान किया गया है। उन्होंने कहा कि वह खुद तीन तक कठुआ में रहकर इस अभियान को चलाएंगे। इसके बाद डीटीआई को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट के बिना गाड़ी चलाने, ट्रिपलिंग करने, ओवरलोडिंग और अन्य नियमों को तोड़ने के चलते करीब 335 वाहनों का चालान कर मौके पर ही 74,800 रुपये का जुर्माना वसूला है। इसी प्रकार राजौरी, सांबा और पुंछ में भी 242 वाहनों को चालान किया गया है।
एक दिन के लिए सीमित न हो अभियान
ट्रैफिक विभाग के अभियान को लोगों का भी सहयोग मिल रहा है। खासकर स्टीकर चालान की योजना से लोग खुश हैं। लोगों ने विभागीय अधिकारी से मांग करते हुए कहा कि इस अभियान को केवल एक दिन के लिए ही सीमित न रखा जाए। हर दिन अगर किसी भी स्थान पर अवैध पार्किंग करते हुए कोई वाहन मिलता है, तो उसपर कार्रवाई की जाए। केवल एक अधिकारी को ही नहीं बल्कि सभी कर्मचारियों को इसकी जिम्मदारी दी जाए कि अगर उन्हें कहीं भी अवैध पार्किंग करते हुए वाहन मिलता है तो उस पर इसी स्टीकर चालान के तहत कार्रवाई की जाए।