संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी लगातार जारी है। वीरवार को आठ नए मरीज सामने आने के साथ अब कुल मरीजों का आंकड़ा 436 तक पहुंच गया है। तमाम प्रयासों के बावजूद डेंगू के मामले बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित है।
विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार जंगलोट गांव में 11 वर्षीय बालक, कालीबड़ी में 48 वर्षीय व्यक्ति, गूंद में 28 वर्षीय युवा, शिवपुरी में 46 वर्षीय व्यक्ति, बिलावर के नजोत गांव में 25 वर्षीय युवक, हटली औद्योगिक क्षेत्र में 32 वर्षीय व्यक्ति, बिलावर के मल्हार में 25 वर्षीय युवा और डूंगाड़ा में 32 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव पाई गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक मिले 436 मरीजों में 342 पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि मौजूदा समय में जिले में 94 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से पांच को जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है जबकि शेष मरीज को उनके घरों पर ही आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी सोहनलाल ने आम लोगों से डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि विभाग डेंगू के मामले रोकने के लिए हर तरह की कोशिश कर रहा है। वीरवार को 11 अलग-अलग स्थान पर स्वास्थ्य विभाग के टीमों ने लोगों को जागरूक किया है। 118 बुखार पीड़ितों के खून के सैंपल लिए गए हैं, ताकि उनकी जांच करवाकर स्वास्थ्य का सही पता लगाया जा सके।