कठुआ। एक सप्ताह के भीतर एक्स रे, ईसीजी और अल्ट्रासाउंड सेवाएं बहाल की जाएं। इसके साथ ही साफ-सफाई की ओर विशेष ध्यान दिया जाए। यह निर्देश डीसी विकास कुंडल ने मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज कठुआ के एसोसिएटेड अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए। वहीं, उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी जानी।
इससे पहले डीसी ने कठुआ के मुख्य बाजार सहित अन्य चौक-चौराहों का भी निरीक्षण किया, जहां पर दुकानदारों को सामान दुकान के अंदर ही रखने की हिदायत दी। वहीं, अतिक्रमण करने वालों को भी सख्त चेतावनी जारी की। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के बाद विभिन्न टीमों का गठन किया है, जो आने वाले समय में तंत्र को बेहतर करने के लिए काम करेंगी।
‘लोगों की समस्याएं दूर करना प्रशासन की प्राथमिकता’
जिला उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम लोगों को कहीं भी असुविधा न हो। प्रशासनिक तंत्र लोगों के लिए हमेशा तत्पर है। शहर में ट्रैफिक की समस्या हो या फिर पार्किंग, अतिक्रमण आदि की सभी को योजनाबद्ध तरीके से बेहतर करने के प्रयास किए जाएंगे। राजकीय मेडिकल कॉलेज कठुआ के एसोसिएटेड अस्पताल का औचक निरीक्षण करते हुए अस्पताल प्रबंधन को हिदायत दी है कि मरीजों का विशेष ध्यान रखा जाए और तमाम स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं।