कठुआ। नगर परिषद कठुआ के पार्षदों की अनुशंसा के बाद नगर परिषद अध्यक्ष नरेश शर्मा की ओर से निदेशक कार्यालय अटैच किए गए खिलाफवर्जी इंस्पेक्टर जांच पूरी होने तक निदेशालय ही अटैच रहेंगे। वीरवार को राज्य सरकार के आवासीय एवं शहरी विकास विभाग के अंडर सेक्रेटरी सैयद नजीर अहमद ने जांच कमेटी गठित कर दी है। विभागीय निदेशक को लिखे पत्र में उन्होंने लिखा कि नगर परिषद कठुआ के अध्यक्ष की ओर से मिली शिकायत के आधार पर लगे आरोपों की जांच की जाएगी। इस मामले की जांच की जिम्मेदारी डिवीजन एक अर्बन लोकल बाडी जम्मू के ईओ और सीईओ नगर परिषद उधमपुर को सौंपी गई है। एक सप्ताह के भीतर जांच कमेटी के सदस्य अपनी रिपोर्ट प्रशासनिक विभाग को सौंपेंगे। जांच पूरी होने तक दोनों खिलाफवर्जी इंस्पेक्टर अर्बन लोकल बाडी निदेशक जम्मू के कार्यालय में ही अटैच रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि नगर परिषद कठुआ के अध्यक्ष नरेेश शर्मा ने दिसंबर माह में आदेश जारी कर दोनों खिलाफवर्जी इंस्पेक्टरों को अनियमितताओं के आधार पर निदेशक कार्यालय जम्मू अटैच करने के निर्देश जारी किए थे। नरेश शर्मा ने बताया कि शहर में औचक दौरे के दौरान कई जगह पाया गया कि निर्माण बिना नगर परिषद की अनुमति या नक्शा पास करवाए बिना किए जा रहे थे और पूछताछ में खिलाफवर्जी इंस्पेक्टरों की संलिप्तता की बात सामने आई थी। पार्षदों की ओर से भी लगातार शिकायतें मिल रही थी साथ ही औचक दौरे के दौरान एक खिलाफवर्जी जहां बुलाए जाने पर भी नदारद रहा वहीं दूसरे से जबाव पूछे जाने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया था। ऐसे में कार्रवाई सुनिश्चित की गई थी।