रामकोट धार सड़क पर छलां इलाके में बस टकराने के कारण जुटी भीड़।
रामकोट। धार सड़क पर छलां इलाके में सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे दो यात्री बसों के टकराने से 50 यात्री चोटिल हो गए। इनमें से किसी भी घायल के अस्पताल पहुंचने की सूचना नहीं है, हालांकि इनमें से कई यात्रियों के निजी स्तर पर प्राथमिक उपचार कराने की सूचना है।
बिलावर से जम्मू की ओर जा रही बस सवारी उतारने के लिए रुकी तो पीछे से तेज गति से आई दूसरी यात्री बस ने इस बस को टक्कर मार दी। इस कारण दोनों बसों में सवार करीब 50 यात्रियों को चोट लगी लेकिन गनीमत रही कि किसी भी यात्री को गंभीर छोट नहीं आई। कई यात्रियों ने चलती बस से छलांग लगाकर खुद को बचाया। हादसे के बाद दोनों यात्री बसें हादसे वाले स्थान पर ही खड़ी रहीं।
इस कारण इनके यात्री वाहनों से अपने गंतव्य की ओर चले गए। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। फिलहाल घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। सबूत जुटाने के बाद ही पुलिस आरोपी बस चालक पर कानूनी कार्रवाई करेगी। पीछे वाली बस की तेज गति को घटना का कारण बताया जा रहा है।