कठुआ। आरटीओ कठुआ की ओर से जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर नाका लगाकर तीन दिन में 6.61 लाख जुर्माना वसूला गया है। विभाग की यह कार्रवाई रात के समय भी जारी रही। मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर विभाग ने 182 वाहनों को चालान और कंपाउंड किया। रूट परमिट के उल्लंघन पर 180 वाहनों, पीयूसीसी के बिना दो, फिटनेस के बिना दो और ओवरलोडिंग के साथ एक वाहन के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
आरटीओ कठुआ ने स्पीड नियंत्रण के उल्लंघन पर एक ट्रक, एक टिप्पर, एक मिनी बस और दो जीप पिकअप को जब्त किया है। आरटीओ कर्मी इस 72 घंटे की जांच के दौरान हाईवे पर चलने वाले वाहनों के चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से भी जांच करते रहे। ऐसे में नशा करके वाहन चलाने वालों पर भी नकेल कस पाना संभव हो पा रहा है। आरटीओ कठुआ आर के थापा ने बताया कि यातायात के विभिन्न नियमों का पालन कर लोग खुद को भी सुरक्षित रख सकते हैं और हादसों को होने से भी रोक सकते हैं। व्यापक स्तर पर चलाई गई इस मुहिम के दौरान उल्लंघनकर्ताओं को कड़ी चेतावनी भी जारी की गई है। भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।