- जिले में बनाए गए 32 केंद्रों पर 14,875 आवेदकों में 5,326 ने दी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। टेलीकॉम कांस्टेबल की भर्ती के लिए जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड की ओर से आयोजित लिखित परीक्षा में आया प्रश्न पत्र आवेदकों के लिए मुश्किल रहा। कुल 14 हजार 875 आवेदकों में 5 हजार 326 यानी 35 फीसदी ने परीक्षा में हिस्सा लिया।
लंबे समय से परीक्षा की तैयारी में लगे अभ्यर्थियों के लिए सरकारी सेवा में जाने का यह अच्छा मौका साबित हो सकता है। हालांकि लिखित परीक्षा में आवेदकों की उपस्थित काफी कम देखी गई। परीक्षा देने पहुंचे कठुआ के वार्ड 10 निवासी जीत कुमार और इरफान हैदर ने बताया कि भौतिक विज्ञान और गणित के ज्यादातर प्रश्न जीव विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए मुश्किल रहे। ऐसे में परीक्षा में किसी अन्य स्ट्रीम के विद्यार्थी के लिए संभावना काफी कम है।
रविवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस में टेलीकॉम कांस्टेबल की भर्ती के लिए ली गई लिखित परीक्षा को लेकर 32 केंद्र स्थापित किए गए थे। जो परीक्षा देने पहुंचे थे, उन आवेदकों में काफी उत्साह देखा गया। नतीजतन 12 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए सुबह से ही केंद्रों पर आवेदकों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी।
भर्ती परीक्षा के नोडल अधिकारी और अतिरिक्त जिला उपायुक्त रंजीत सिंह ने बताया कि जिले में सभी केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण रही। प्रशासन ने सेवा चयन बोर्ड के अधिकारियों के साथ मिलाकर व्यापक इंतजाम किए थे। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश लेने के लिए आवेदक लंबी कतारों में न लगें, इसके लिए पहले से ही बेहतर व्यवस्था की गई थी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।