संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में मौसम के बिगड़े मिजाज के बीच बनी के सरथली इलाके में पेड़ गिरने से 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। देर शाम बनी-बसोहली ट्रांसमिशन लाइन के क्षतिग्रस्त होने से इलाके के बड़े भाग में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
उधर, बिजली विभाग की टीम ने तुरंत आपूर्ति बहाली का काम शुरू कर दिया है। मरम्मत कार्य के लिए कर्मचारियों को तैनात किया गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वे जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। बिजली विभाग ने स्थानीय निवासियों से अनुरोध किया है कि वे मरम्मत कार्य के दौरान सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचने के लिए बिजली के तारों और उपकरणों से दूर रहें।