गांव जगतपुर के लोगों की शिकायत के बाद जिला प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को पुलिस बल की मौजूदगी में 31 कनाल आठ मरला जमीन को मुक्त करा लिया। यह जमीन 11 लोगों से छुड़ाई गई है।
तहसीलदार कठुआ अवतार सिंह के नेतृत्व में कई टीमों ने शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। भूमि पर बनाए गए अस्थायी शेड हटा दिए गए। तहसीलदार ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उनके पास जगतपुर से आए लोगों ने सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत की थी।
लोगों की शिकायत पर भूमि के खसरा नंबर के साथ-साथ अन्य रिकार्ड की भी जांचे गए। इसमें बाद पाया गया कि 31 कनाल आठ मरला सरकारी भूमि पर कुल 11 लोगों ने कब्जा किया हुआ है।
इसके बाद कठुआ पुलिस के साथ टीम गांव में पहुंची। यहां भूमि की शिनाख्त की गई और फिर इस पर बने अस्थायी शेड हटा दिए। उन्होंने बताया कि जगतपुर के रहने वाले हंसराज, देसराज, जोदू राम, जीतराज, नीजों राम, राजकुमार, रवि कुमार, पूरण, देवराज, मिल्खी राम और कमलेश ने खसरा नंबर 361/346/ 103 पर कब्जा किया हुआ था।
उनके खिलाफ सरकारी भूमि पर कब्जे करने के तहत मामला दर्ज किया गया है। तहसीलदार ने बताया कि इससे पहले भी विभिन्न गांवों में सैकड़ों कनाल सरकारी भूमि से कब्जा हटाया जा चुका है।