दस्तावेजों की जांच कराने पंजीयन कक्ष की ओर जाते श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
हर दिन गुजरने के साथ अमरनाथ यात्रियों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। उमस और गर्मी की परवाह किए बिना सोमवार को सड़क मार्ग से दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं का जत्था राज्य में दाखिल हुआ। गर्मी के चलते दिन के मुकाबले रात में श्रद्धालु अधिक संख्या में दाखिल हो रहे हैं।
लखनपुर रिसेप्शन सेंटर से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार रविवार शाम छह बजे से सोमवार शाम छह बजे तक 103 छोटे-बड़े वाहनों में 2202 श्रद्धालुओं ने राज्य में प्रवेश किया। इनमें 1532 पुरुष, 636 महिलाएं, 34 बच्चे लखनपुर के रास्ते आए। लखनपुर में हर वर्ग के लोग श्रद्धालुओं के आने से खुश हैं। इससे रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। स्थानीय लोग भी श्रद्धालुओं की सेवा में बढ़चढ़कर भाग ले रहे हैं।
अमरनाथ यात्रा में शामिल भोले के भक्तों को आपदा प्रबंधन के गुर सिखाए जा रहे हैं। सिविल डिफेंस द्वारा लखनपुर में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में करीब ढाई सौ महिला-पुरुष यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा, राहत एवं बचाव, फायर फाइटिंग से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। यात्रियों को साहित्यिक जानकारी भी दी गई।