बसोहली। सरकारी राशन कार्ड पर लोगों राशन की सुविधा उपलब्ध नहीं हो रही है। बीपीएल और एपीएल दोनों वर्ग के ज्यादातर लोग सरकारी राशन पर ही निर्भर हैं। इनके लिए हर माह सरकारी राशन बहुत महत्व रखता है। नवंबर का आधा माह बीत जाने के बाद भी लोगों को सरकारी राशन नहीं मिल रहा है।
बसोहली म्यूनिसिपल कमेटी के अंतर्गत आने वाले वार्ड 1, 2, 4, 5, 6, 7 के लोगों को खाद्य आपूर्ति विभाग समय पर राशन उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। फेयर प्राइस शाप के डीलरों का कहना है कि समय पर राशि जमा करवाने के बावजूद डिपो में राशन नहीं पहुंचाया जा रहा है। सरकारी राशन डिपो में मौजूदा समय में आटा और चावल दिए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि सीएपीडी की तरफ से समय पर राशन नहीं पहुंचाया जा रहा था। सीएपीडी के टीएसओ का कहना है कि एडी दफ्तर से सप्लाई नहीं आ रही है। लोगों का कहना है कि गरीब परिवारों को मिलने वाला सस्ता राशन समय से नहीं मिल रहा है। महंगाई की मार से लोग पहले ही त्रस्त हैं। ऐसे में उनको बाजार से महंगे दाम पर राशन खरीदना पड़ रहा है।
--बयान---
सरकारी राशन डिपो में राशन भेज कर पैसे जमा करवाने पड़ते हैं। फेयर प्राइस शाप के डीलरों को पहले पेमेंट जमा करवाकर परमिट कटवाना होता है। इसके बाद ही उन्हें राशन का कोटा दिया जाता है, आने वाले दो दिनों के भीतर राशन का कोटा उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
-सुदेश कुमार, टीएसओ बसोहली