28 मार्च तक स्कूल स्तर से पोर्टल में किया जा सकेगा आवेदन
कठुआ। प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना के सातवें संस्करण के तहत प्रदेश के चिन्हित 210 बेंचमार्क स्कूलों को इस प्रतिष्ठित योजना में शामिल होने का अवसर मिलेगा। यह योजना राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के उद्देश्यों को साकार करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई है। इसका उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाना और स्कूलों को आधुनिक, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनाना है।
दरअसल, पीएम श्री के तहत बेंचमार्क स्कूलों को शामिल होने के लिए 28 मार्च तक प्रक्रिया पूरी की जानी है। इसके लिए स्कूलों को अपना ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड करना है। प्रदेश में चिन्हित बेंचमार्क स्कूलों को समग्र शिक्षा की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। देश में जहां 12079 स्कूल पीएम श्री के तहत शामिल हैं वहीं प्रदेश में इनकी संख्या 396 है। इनमें दो प्राइमरी, 105 एलिमेंटरी, 215 सेकेंडरी और 74 हायर सेकेंडरी स्कूल पीएम श्री स्कूल बन चुके हैं। इन स्कूलों को चौथे चरण तक शामिल किया गया है। फिलहाल सातवें चरण के लिए चयन प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
पीएम श्री योजना के तहत चयनित स्कूलों को स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, डिजिटल पुस्तकालय, और खेल सुविधाएं जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही, इन स्कूलों में शिक्षकों को नवीनतम शिक्षण विधियों के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना का उद्देश्य छात्रों को 21वीं सदी के कौशल से लैस करना और उन्हें समग्र विकास के लिए प्रेरित करना है। जिसके लिए कई स्कूलों में इस प्रक्रिया को अंजाम दिया जा चुका है और कई जगह काम जारी भी है।
शिक्षा विभाग की मानें तो इस योजना के तहत, स्कूलों में अनुभवात्मक शिक्षण, आलोचनात्मक सोच और समावेशिता को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा, पर्यावरणीय स्थिरता को ध्यान में रखते हुए सौर ऊर्जा और वर्षा जल संचयन जैसी प्रथाओं को भी अपनाया जाएगा। स्कूलों को वार्षिक अनुदान, विज्ञान और गणित किट, और व्यावसायिक शिक्षा के लिए विशेष सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
बेंचमार्क स्कूलों की सूची बीते साल तैयार की गई। फिलहाल इसे लेकर बैठक की गई है और कितने स्कूल इस साल शामिल किए जाएंगे इसकी सूची भारत सरकार की ओर से भेजी जाएगी।
- भवानी रकवाल, परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश