कठुआ। जिला मुख्यालय से जिला के एतिहासिक ट्रेडिंग कस्बे नगरी की ओर जाने वाली सड़क की हालत बहुत ही बदहाल हो गई है। बार-बार सड़क को ठीक करने की मांग पूरी नहीं होने के विरोध में लोगों के सब्र का बांध टूट गया। रविवार को खोख्याल गांव के लोगों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने कठुआ-नगरी मार्ग आधा घंटा बंद कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शकारियों सुभाष चंद्र ने कहा कि कठुआ के चनग्रां गांव से नगरी कसबे तक सड़क की स्थिति बहुत ही खराब है। करीब नौ किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर ऐसा कोई स्थान नहीं है, जहां पर गड्ढे नहीं हों। पूरी सड़क टूट चुकी है और गड्ढों के चलते दो पहिया वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। रमेश चंद ने कहा कि इस मार्ग आसपास के दर्जनभर गांवों के लोग निर्भर हैं। इस कारण लोगों को काफी मुश्किल हो रही है। समस्या को दूर करने के लिए कई बार लोक निर्माण विभाग से गुहार भी लगाई, आश्वासन के अलावा कुछ नहीं हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर जल्द ही सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो वह उग्र रुख अपनाने को मजबूर होंगे।
पंजाब को भी जोड़ता है यह मार्ग
प्रदर्शनकारियों में शामिल रवि कुमार व करतार चंद ने बताया कि इस रास्ते से पंजाब के कई इलाकों को रास्ता जाता है। बकायदा बस सेवा भी पंजाब के लिए लगाई गई है, लेकिन खस्ता हालत सड़क के कारण लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि पंजाब से जो बस आती है और वहां से आने वाले लोग भी इस सड़क पर पहुंचते ही विभाग को कोसते हैं। लेकिन विभाग को सड़क की हालत सुधारने का विचार ही नहीं आता है। उन्होंने कहा कि दो राज्यों के बीच की इस सड़क की हालत सुधारने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए।