कठुआ। निकाय चुनाव में पार्षदों के चुनाव के बाद अब नगर परिषद और नगर कमेटियों के प्रधान और उपप्रधान पद के चुनाव के लिए दावेदारी पेश की जा रही है। अधिसूचना जारी होते ही जिला की विभिन्न नगर कमेटियों के प्रधान और उपप्रधान पद के लिए उम्मीदवार सामने आए हैं। कठुआ नगर परिषद में जहां दो उम्मीदवारों ने प्रधान पद की दावेदारी पेश की तो एक उम्मीदवार ने उपप्रधान पद के लिए दावा ठोका। इसी प्रकार बिलावर में भी दो लोगों ने प्रधान और उपप्रधान पद के लिए फार्म भरा। बसोहली से भी पहले ही दिन नामांकन करने के लिए उम्मीदवार सामने आए।
कठुआ नगर परिषद के प्रधान और उपप्रधान पद के लिए पहले ही दिन कुल तीन लोग सामने आए। दो उम्मीदवारों ने प्रधान पद के लिए दावा ठोका तो एक उम्मीदवार से उप प्रधान के पद के लिए फार्म भरा। वार्ड दो के पार्षद राजिंद्र सिंह बब्बी ने प्रधान पद के लिए नामांकन पत्र भरा। उनके साथ ही वार्ड इक्कीस के पार्षद बलजीत सिंह ने उप प्रधान के लिए दावा किया। कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए वार्ड नौ के पार्षद नरेश शर्मा ने प्रधान पद के लिए दावा किया। उनके साथ भाजपा के जिला प्रधान प्रेमनाथ डोगरा भी साथ रहे।
राजिंद्र सिंह बब्बी ने कहा कि कोई कुछ भी कहे, लेकिन उनके पास समर्थन है और वह प्रधान पद के लिए दावा करने आए हैं। दस नवंबर को उनके पक्ष में फैसला आएगा। लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव होने हैं और उन्हें इस पर भरोसा है। उन्होंने उनके साथ आए समर्थक व उपप्रधान पद के उम्मीदवार बलजीत सिंह को भी मेहनती करार दिया और कहा बलजीत सिंह ही उप प्रधान बनेंगे।
उधर, नरेश शर्मा ने कहा कि वे भाजपा में विकास के लिए शामिल हुए हैं। उनके पास सोलह पार्षदों का समर्थन है और यह बहुमत साबित करने के लिए काफी है। उन्होंने कहा कि प्रधान या उपप्रधान पद के लिए उम्मीदवार का चुनाव पार्टी करती है। अकेले जिला प्रधान इसका फैसला नहीं कर सकता है। जल्द ही उपप्रधान पद के लिए भी उम्मीदवार सामने आएगा।