- डेंगू अलर्ट का लोगो लगाएं
- जिला कठुआ में कुल मरीजों की संख्या हुई 394, स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। स्वास्थ्य विभाग के तमाम प्रयासों के बावजूद जिले में डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। शनिवार काे लगातार दूसरे दिन डेंगू के 18 नए मरीजों के सामने आने से जिले में अब कुल केसों की संख्या 394 तक पहुंच गई है।
तेजी से बढ़ रहा डेंगू जहां लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है, वहीं इससे स्वास्थ्य विभाग की भी नींद उड़ी हुई है। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नए आए 18 मामलों में सबसे ज्यादा कठुआ शहर से जंगलोट से छह केस आए हैं। यहां एक 40 वर्षीय महिला, 19 वर्षीय और 24 वर्षीय युवक, पांच वर्षीय और नौ वर्षीय बालक सहित 51 वर्षीय व्यक्ति डेंगू पॉजिटिव पाया गया है। इसी तरह कठुआ शहर के विभिन्न वार्डों में पांच नए मरीज सामने आए है जिसमें 14 वर्षीय किशोरी, 19 वर्षीय युवक, 30 वर्षीय और 34 वर्षीय व्यक्ति के साथ 70 वर्षीय बुजुर्ग शामिल है।
इसके अलावा बरवाल गांव में 45 वर्षीय महिला, हटली मोड़ से औद्योगिक क्षेत्र में 28 वर्षीय युवक, बिलावर कस्बे में 22 वर्षीय युवक, बिलावर के बरोटा गांव में 20 वर्षीय युवक, महानपुर में 19 वर्षीय युवती के साथ बुद्धि सौंथल में 22 वर्षीय युवक के साथ 54 वर्षीय व्यक्ति भी डेंगू ग्रस्त पाया गया है। उधर लगातार बढ़ रहे इन मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया विंग की 11 टीमों ने डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में मास सर्वे किया।
इस दौरान 112 बुखार पीड़ितों की जांच के लिए खून के नमूने लेने के साथ लोगों को डेंगू से बचाव के बारे में जानकारी दी गई । स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों के अपने घरों में व आसपास जलभराव न होने देने की नसीहत देते हुए दिन के समय पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने के लिए कहा।
10 मरीजों का उपचार जीएमसी में चल रहा
उधर, जिले में डेंगू को नियंत्रित करने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम के संबंध में जिला मलेरिया अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि विभाग जागरूक करने के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लारवा दवा का स्प्रे करवा रहा है। अब तक मिले 394 डेंगू के मरीजों में 299 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। डेंगू के 95 सक्रिय केस मौजूद हैं। इनमें से 10 मरीजों का उपचार सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) कठुआ सहित जिला के अन्य अस्पताल में किया जा रहा है।