कठुआ। नगर परिषद की ओर से शुक्रवार को शहर के विभिन्न वार्डों की सफाई के लिए अभियान शुरू कर दिया गया। शहर के वार्ड तीन से नगर परिषद अध्यक्ष नरेश शर्मा ने अभियान की शुरुआत करवाई और लोगों से भी सफाई व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
नरेश शर्मा ने कहा कि शहर को साफ और स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर परिषद अब अपनी जिम्मेदारी को ठीक ढंग से निभाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में क्या कुछ हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है लेकिन नगर परिषद का अध्यक्ष बनने के बाद वह नगर को साफ रखने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि वार्ड 3 से इस अभियान की शुरुआत की गई है और अन्य वार्डों के पार्षदों से भी अपील करेंगे कि अपने अपने वार्ड के लिए सफाई व्यवस्था बनाए रखने का प्लान तैयार रखें, ताकि एक वार्ड में सफाई अभियान पूरा होने के बाद अगले वार्ड का प्लान तैयार हो।
उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में हर कोई अपना सहयोग करें ताकि नगर को साफ़ रखा जा सके। इस दौरान उन्होंने शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने दो घरों की चाबी उनके मालिकों को सौंपी। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों को लाभ देने के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। ऐसे में इन योजनाओं का लाभ लोगों को लेना चाहिए।