आवेदन फार्म खरीदने को लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
कालेज लाइफ में एंट्री पाने के लिए विद्यार्थियों में उत्साह तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। अब तक 1500 आवेदन फार्म बिक चुके हैं। आनलाइन फार्म भरने के लिए भी विद्यार्थी उमड़ रहे हैं।
डिग्री कालेज कठुआ के प्रिंसिपल डाक्टर नेत्र सिंह ने बताया कि तीसरे दिन शनिवार को 450 युवाओं ने प्रास्पेक्टस खरीदे हैं। इसके साथ ही फार्म खरीदे वाले युवाओं की संख्या 1250 हो गई है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी आनलाइन आवेदन भी भरना पसंद कर रहे हैं। आनलाइन फार्म भरने का क्रेज इतना अधिक है कि पहले दिन फार्म भरने के बाद दूसरे दिन रसीद देनी पड़ रही है।
महिला डिग्री कालेज में एडमिशन विंग के प्रभारी प्रो राकेश जसरोटिया ने बताया कि अभी तक 250 छात्राओं ने प्रास्पेक्टस खरीदे हैं। 101 छात्राओं ने आनलाइन आवेदन किया है।
गौरतलब है कि डिग्री कालेज में पहले दिन और दूसरे दिन कुल 800 युवाओं ने प्रास्पेक्टस खरीदे थे। कालेज में प्रास्पेक्टस खरीदने के लिए आने वाले विद्यार्थियों की सहायता के लिए शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने हेल्प काउंटर लगाया।
प्रास्पेक्टस खरीद केंद्र के बाहर लगाए गए काउंटर पर बैठे परिषद सदस्यों ने युवाओं की मदद के लिए पहल की। आवेदन फार्म भरने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए भी परिषद के सदस्य विद्यार्थियों की काफी मदद कर रहे हैं। सदस्यों ने बताया कि महिला डिग्री कालेज में भी इस प्रकार का काउंटर लगाया जाएगा।