फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंधी-तूफान से बिजली ढांचा तहस-नहस, एक घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
कठुआ। आंधी-तूफान ने मंगलवार देर रात जिले को आगोश में ले लिया है। इससे जिले के विभिन्न इलाकों में बिजली ढांचे को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है। वहीं, कठुआ सहित ग्रामीण इलाकों में जहां बड़े-बड़े पेड़ धराशाई हो गए। इसके अलावा होर्डिंग, बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है। शहर के निकटवर्ती पटियाड़ी गांव में एक मकान के आंगन में पेड़ गिरने से एक युवक उसकी चपेट में आ कर घायल हो गया। उसकी पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है, जिसे राजकीय मेडिकल कॉलेज कठुआ के एसोसिएटेड अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मंगलवार देर रात से ही जिला के अधिकांश इलाकों में बिजली गुल रही। विभागीय टीमों ने सुबह रोशनी के साथ ही युद्धस्तर पर बिजली बहाली का काम शुरू किया। हालांकि नुकसान का पैमाना काफी अधिक रहा।
विज्ञापन

आंधी तूफान का सबसे ज्यादा असर निचले इलाकों में पड़ा है, जहां बिजली के 50 खंभों के गिरने के साथ ही 15 से अधिक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई जगह डबल पोल स्ट्रक्चर गिरे हैं, तो कहीं कंडक्टर टूटे नजर आए। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंसुलेटर पंक्चर होने की वजह से भी बिजली लाइनों को दुरुस्त करने में समय लगा है। आंधी-तूफान ने फसलों से लेकर फलदार पौधों को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। आम, लीची पर आए बौर पर भी आंधी का असर देखने को मिला है। बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता मोहम्मद शफी ने बताया कि नुकसान का आंकलन जारी है। सुबह से ही जिला के तमाम हिस्सों में बिजली बहाली का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया था। शाम तक अधिकांश इलाकों में बिजली बहाल कर दी गई है। हालांकि कठुआ शहर के पारलीवंड, शहीदी चौक सहित सटे हुए जराई इलाके में रात तक बिजली बहाल होने का अनुमान है। सीमावर्ती इलाके हरिया चक में भी बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनकी मरम्मत का काम बुधवार को पूरा नहीं हो पाया है। वीरवार को सभी इलाकों में बिजली बहाल कर दी जाएगी।

पेड़ों के गिरने से बिजली ढांचे को हुआ ज्यादा नुकसान
शहर में कई जगह दीवारों से लेकर सड़कों पर सुबह आंधी-तूफान से हुई बर्बादी का मंजर दिखाई दिया। कालेज मार्ग और पुलिस लाइन मार्ग सहित शहर के कई गली-मोहल्लों में पेड़ जड़ों से उखड़े गए। ब्वॉयज हॉस्टल के नजदीक कॉलेज मार्ग पर पेड़ गिरने से बिजली की तार और ट्रांसफार्मर को भी नुकसान पहुंचा है। सुबह के समय कॉलेज मार्ग की एक लेन टूटे पेड़ की वजह से प्रभावित रही। उधर, पुलिस लाइन मार्ग पर गुज्जर हॉस्टल और ब्वॉयज हायर सेकेंडरी के नजदीक लगे होर्डिंग भी फट गए और लोहे के एंगल भी टेड़े हो गए हैं।
विज्ञापन


बिलावर, लोहाई मल्हार में 26 खंभे गिरे
बिलावर के लोहाई मल्हार इलाके में मंगलवार रात से ही बिजली सेवा बंद है। आंधी-तूफान से 33केवीए लाइन को नुकसान पहुंचा, जिससे लोहाई मल्हार के सैकड़ों गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। विभागीय टीमें युद्धस्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों में मरम्मत कार्य में जुटी हैं। बिलावर उपजिला में 26 से अधिक खंभे गिर गए और कंडक्टर को भी नुकसान पहुंचा है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो नुकसान बहुत अधिक हुआ है, जिसका आंकलन जारी है।

बसोहली के कई गांवों में पसरा अंधेरा
बसोहली क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के बाद मंगलवार देर रात से बिजली गुल रही। बसोहली नगर, रैहण, पलाही, पठियारा, शीतलनगर, जंदरोटा, घगरोड़, धार महानपुर सहित कई ईलाकों में बिजली बहाली का काम जारी रहा। दिनभर बिजली गुल रहने से जहां रूटीन कामकाज पर असर पड़ा, वहीं इन्वर्टर तक जवाब दे गए। लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दूरदराज इलाकों में बिजली के साथ-साथ संचार सेवा भी फिलहाल ठप है। शीतलनगर, जंदरोटा सहित कई गांवों में घरों और दुकानों की टीन की छत उड़ने की सूचना है।

बाद दोपहर बहाल हुई 33केवीए लाइन
बनी और डुग्गन के दर्जनों गांव में भी आंधी तूफान के चलते बिजली सेवा प्रभावित रही। हालांकि इन इलाकों मे तूफान का असर अधिक नहीं था, लेकिन शीतलनगर इलाके में तूफान से 33केवीए लाइन को नुकसान पहुंचा है। इससे बनी और डुग्गन का पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। सुबह बिजली बहाली का काम शुरू हुआ। 33 केवी लाइन के बहाल होने के बाद बनी और डुग्गन के अधिकांश हिस्सों में बिजली को बाद दोपहर बहाल कर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें