- दो दिन राहत के बाद जिले में डेंगू ने फिर पकड़ी रफ्तार, स्वास्थ्य टीमों ने 117 बुखार पीड़ितों के खून के सैंपल लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। दो दिनों की राहत के बाद एक बार फिर डेंगू के मामलों ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को जिले में डेंगू के 14 नए मरीजों की पहचान होने के साथ अब तक डेंगू संक्रमितों का आंकड़ा 416 तक पहुंच गया है। विभाग की टीम में पूर्व की भांति अपने जागरूकता कार्यक्रम को तेज कर दिया है।
जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नए आए मामलों में छह कठुआ शहर के हैं। इसमें वार्ड नंबर दो में 23 वर्षीय युवक के साथ-साथ सात वर्षीय बालक, हटली मोड़ में 28 वर्षीय युवक और तीन वर्षीय अबोध, कालीबाड़ी में 12 वर्षीय बालक और वार्ड नंबर चार में 14 वर्षीय किशोर डेंगू से ग्रस्त मिला है। इसके अलावा बरवाल में 22 वर्षीय युवा, नगरी में 28 वर्षीय युवा, खरोट में 45 वर्षीय व्यक्ति, महानपुर में 40 वर्षीय महिला, जंगलोट में 22 वर्षीय युवा, किशनपुर में 22 वर्षीय युवक, अमाला गांव में 16 वर्षीय किशोर और बांजल में 23 वर्षीय युवा की रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव आई है।
विभाग द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया कि अब तक मिले 416 मरीजों में 321 पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैंं जबकि 95 सक्रिय मरीजों का उपचार स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में किया जा रहा है। इनमें से पांच मरीजों का जीएमसी कठुआ में उपचार किया जा रहा है।
वहीं, जिला मलेरिया अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि विभाग हर तरह की कोशिश कर रहा है ताकि लोगों को डेंगू से बचाया जा सके। इसमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है जबकि बुखार से पीड़ित पाए गए लोगों के खून की जांच भी की जा रही है। मंगलवार को चलाए गए जागरूकता कार्यक्रम के दौरान 117 बुखार पीड़ितों के खून के सैंपल जांच के लिए एकत्र किए गए हैं।