कठुआ। शहर के साथ सटे कालीबड़ी के चक सोना नूपा इलाके के लोगों का गुस्सा जिला प्रशासन और स्थानीय जन प्रतिनिधियों के खिलाफ फूट पड़ा। उन्होंने कहा कि पिछली बार जनप्रतिनिधियों ने उनसे जो वादे किए थे, अभी तक वे भी पूरे नहीं हुए और फिर से नया चुनाव आ गया। लोगों ने कहा कि आखिर कब तक चुनाव दर चुनाव उनको बेवकूफ बनाया जाता रहेगा। उनका कहना था कि चुनाव में खड़े होने वालों के लिए यह जरूरी कर दिया जाना चाहिए कि वे जनता से जो वादे करें, उसे पूरा भी करें। लोगों ने एक बार चुनाव में किए वादे तो पूरे हुए नहीं अब फिर से चुनाव आ गए हैं। लेकिन उनके इलाके की गली नालियों की हालत नहीं सुधरी।
प्रदर्शनकारियों में शामिल सचिन, मुल्खराज ने कहा कि पिछले कई साल से गलियों को ठीक नहीं किया गया है। आलम यह है कि उन्हें बरसात के दिनों में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। नालियों को साफ नहीं किया गया है। बार बार नगर परिषद और अन्य अधिकारियों से भी गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई भी इस ओर ध्यान ही नहीं देता है। जनप्रतिनिधि भी एक ही बार आए और उसके बाद अपना चेहरा तक नहीं दिखाया है। उन्होंने कहा कि इलाके की सड़कें, गलियां खस्ता हाल हो चुकी हैं और नालियों को साफ न करने के कारण वह ब्लाक हो चुकी हैं। ऐसे में लोगों केे परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि उनका इलाका शहर से सटा हुआ है लेकिन इसके बाद भी इसकी हालत बदतर है। लोगों ने कहा कि अगर ऐसा ही रहा तो इस बार चुनाव में वह इसका जवाब लेकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि हर बार आश्वासन और झूठे वादों से काम नहीं चलने वाला और अगर इस बार उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह उग्र रुख अपनाने के लिए मजबूर होंगे।