कठुआ। बकाया वेतन की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे पीएचई सीपी वर्कर्स ने अब पानी बंद करने की चेतावनी दी है। शुक्रवार को अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो वे पानी बंद करने के लिए मजबूर होंगे। इसके लिए विभाग ही जिम्मेदार होगा।
प्रदर्शनकारियों में शामिल शिव नारायण ने कहा कि वे कई दिनों से वह अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर गौर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा विभाग 90 प्रतिशत जगह पर पानी छोड़ने की बात कर रहा है और ऐसा है भी, लेकिन अगर उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो वह स्थायी कर्मचारियों को स्टेशन से हटाकर स्टेशन बंद कर देंगे। उन्होंने कहा कि वह जनता को परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन उनकी मांगों पर विभाग या उच्च अधिकारी गौर नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह बार-बार कह चुके हैं कि उनकी मांगों पर गौर जब तक नहीं किया जाएगा, जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा वह हड़ताल वापस नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि वह पहले ही कह चुके हैं कि बकाया वेतन के साथ ही उन्हें एसआरओ 520 के तहत स्थायी भी किया जाए, लेकिन दोनों में से एक भी मांग पर गौर नहीं किया जा रहा है। ऐसे में उनके पास पानी बंद करने के अलावा दूसरा कोई चारा नहीं है।