ट्रक-बाइक भिड़ंत में दो जख्मी
दोनों को गंभीर हालत में जीएमसी जम्मू रेफर किया गया
एक अन्य हादसे में ट्रक पलटा, बाल-बाल बचे चालक और सहचालक
अमर उजाला ब्यूरो
कठुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को दो विभिन्न सड़क हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक और सह चालक की जान बाल-बाल बचे। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल कठुआ पहुंचाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
पहला हादसा सुबह हुआ। कश्मीर से सेब लेकर आ रहे ट्रक का नियंत्रण अचानक सहार खड्ड पुल के पास बिगड़ गया और ट्रक पुल की रेलिंग को तोड़ने हुए सीधा नीचे जा गिरा। गनीमत रही कि चालक और सह चालक किसी तरीके से बच निकले। ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पल्ली मोड़ के पास शाम पांच बजे के करीब ट्रक और बाइक की टक्कर में दो लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार जम्मू से पठनकोट की ओर जा रहे ट्रक ने उल्टी दिशा से आ रही बाइक को टक्कर दे मारी। इस हादसे में बाइक पर सवार राकेश कुमार पुत्र रतनचंद निवासी छन्न अरोड़ियां और राकेश कुमार पुत्र मनोहरलाल निवासी कूटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल कठुआ पहुंचाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद भी दोनों की हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।