जम्मू-कश्मीर के टुकड़े नहीं होने देगी नेकां: राणा
पिछली सरकार पर हिंदुओं और मुसलमानों के बीच खाई पैदा करने का लगाया आरोप, 35-ए को बताया रियासत के लोगों का अधिकार
अमर उजाला ब्यूरो
कठुआ। नेकां के संभागीय प्रधान देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि जम्मू और कश्मीर संभाग को किसी भी सूरत में अलग नहीं होने दिया जाएगा। पिछली सरकार ने रियासत में हिंदुओं और मुसलमानों के बीच जो खाई पैदा की है, उसे चौड़ा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर आपसी भाईचारे की मिसाल रहा है। नेकां का मकसद है कि दोनों समुदायों में यह एकता कायम रहे। उन्होंने कहा कि नेकां किसी भी हालत में जम्मू-कश्मीर के टुकड़े नहीं होने देगी। उन्होंने ये बातें बनी में पूर्व मंत्री प्रेम सागर अजीज की ओर से आयोजित जनसभा के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि 35-ए जम्मू कश्मीर के लोगों का अधिकार है और इससे छेड़छाड़ यहां के लोगों के हित को ताक पर रखना है, जिसका नेकां कतई समर्थन नहीं करती है। राणा ने कहा कि नेकां आज तक राज्य के हर तबके को साथ लेकर चली है और कामयाब भी रही। भविष्य में भी नेकां की सरकार बनेगी, जिसके लिए लोगों को बढ़-चढ़ कर पार्टी का साथ देना चाहिए। पूर्व मंत्री प्रेम सागर अजीज ने कहा कि पीडीपी और भाजपा गठबंधन ने ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं कि गरीब लोगों को दो वक्त की रोटी कमाना भी मुश्किल हो चला है। घरेलू गैस सिलेंडर का इतना ज्यादा दाम बढ़ा दिया कि गरीब आदमी इसे अब नहीं खरीद सकता है। उसे फिर से लकड़ी का चूल्हा ही अपनाना होगा। गरीब लोग 1000 रुपये का सिलेंडर कैसे खरीद सकेंगे। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के नाम पर बनी के गरीब लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। जो दिहाड़ी लगाकर दो वक्त की रोटी कमा रहे थे, उनको परेशान किया जा रहा है, जबकि राजनीतिक रसूख वाले मौज उड़ा रहे हैं। पूर्व डिप्टी स्पीकर हैदर मलिक ने भी जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर नेेकां के वरिष्ठ नेताओं रोमी खजूरिया, कश्मीर सिंह, देविंद्र सिंह बिंदू सहित बड़ी संख्या में बनी, लोआंग, लोहाई मल्हार से कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हर-हर, घर-घर करने वाले पड़े ठंडे
देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि वर्ष 2014 में घर-घर और हर-हर के चक्कर में जम्मू-कश्मीर के लोग भी भाजपा के झांसे में आ गए। नतीजतन पीडीपी और भाजपा का गठबंधन हुआ, जिसने राज्य का बेड़ा गर्क कर दिया गया। शांति बहाली को लेकर पूर्व में हुए प्रयास मिट्टी हो गए और विकास के नाम पर लोगों को बेवकूफ बनाया जाता रहा। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे समय बीतता गया है अब हर-हर और घर-घर करने वाले भी ठंडे पड़ गए हैं। आम लोगों को भी भाजपा और पीडीपी की असलियत दिखने लगी है।