दक्षिणी कश्मीर में एक क्रिकेट मैच की शुरुआत में आयोजकों ने पीओके का तराना चलाया। मैच के दौरान क्रिकेट स्थल पर आतंकियों के पोस्टर भी लगे देखे गए। जो तराना गाया गया उसका वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मैच आयोजकों को पूछताछ के लिए नोटिस भी जारी कर दिया है।
घटना दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले की है, जहां एक स्थानीय स्टेडियम में रविवार को पुलवामा टी-20 क्रिकेट मैच का फाइनल खेला गया। यह फाइनल मैच शाइनिंग स्टार्स पंपोर और पुलवामा टाइगर्स के बीच खेला गया, लेकिन चौंका देने वाली बात यह रही कि इस मैच से पूर्व आयोजकों ने पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) का तराना चलाया।
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें साफ नजर आ रहा है कि दोनों टीमों के खिलाड़ी वर्दी पहने दो लाइनें बनाए खड़े हैं और साथ ही पीओके का तराना चलाया जा रहा है। इतना ही नहीं इस मैच के दौरान कई बैनर देखने को मिले, जिन पर आतंकियों के फोटो थे।
यहां आपको बता दें कि जहां मैच खेला गया वह स्थल डिग्री कालेज पुलवामा के पास है, जहां से छात्र प्रदर्शनों की शुरुआत हुई है। साथ ही स्टेडियम करीमबाद गांव के भी करीब है, जिसे पुलवामा जिले में आतंकियों का गढ़ माना जाता है।
इस घटना को लेकर एक युवा खिलाड़ी ने बताया कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। ऐसी घटनाएं तो यहां कई बार होती रहती हैं, लेकिन यह खबर उस समय बनती है, जब ऐसी घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं।
इस घटना पर पुलवामा के एसएसपी मोहम्मद असल ने अमर उजाला को फोन पर बताया कि इस घटना में पुलिस ने आईटी एक्ट के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर आयोजकों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है।
गौरतलब है कि दो महीने पहले भी मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में मैच आयोजकों ने मैच से पूर्व पाकिस्तानी राष्ट्रगान चलाया था, जिसके बाद दोनों टीमों में से एक टीम को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसने पाकिस्तानी वर्दी भी पहनी थी। इस घटना का भी वीडियो वायरल होने के बाद पता चला था।