पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह को जम्मू-कश्मीर विधानसभा अध्यक्ष मुबारक गुल ने बृहस्पतिवार को नोटिस भेज कर उनसे जवाब-तलब किया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने पूर्व सेना प्रमुख को नोटिस भेजकर उनसे 23 सितंबर 2013 को एक समाचार चैनल को दिए गए इंटरव्यू में किए गए कई खुलासों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा है।
पूर्व सेनाध्यक्ष से 20 दिनों में जवाब देने को कहा है। नोटिस सदन में उनके खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव के संबंध में भेजा गया है। यह जानकारी जम्मू-कश्मीर विधानसभा के प्रवक्ता ने दी है।
पूर्व सेना प्रमुख ने बयान दिया था कि आर्मी जम्मू-कश्मीर के मंत्रियों को फंड मुहैया करवाती रही है जो सेना की विशेष इकाई द्वारा नेताओं को दिए जाते रहे हैं। जनरल के इस बयान से जम्मू-कश्मीर की सियासत गरमा गई थी।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा सत्र के दौरान नेशनल कांफ्रेंस ने पूर्व सेना प्रमुख के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव पास किया था। विधानसभा में वीके सिंह के बयान पर कई दिनों तक हंगामा हुआ था।
बाद में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की गुजारिश पर प्रमुख विपक्षी दल पीडीपी समेत अन्य सदस्यों ने जनरल वीके सिंह को नोटिस भेजने की मांग की थी। विधानसभा में जनरल के खिलाफ यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ था।