जम्मू-कश्मीर के अरनियां सेक्टर में सुरक्षा बलों ने शनिवार देर रात पाकिस्तानी घुसपैठ को विफल कर दिया। भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद घुसपैठिए सीमा के इस पार दो किलो हेरोइन फेंककर पाकिस्तान की ओर भाग निकले।
जब्त की गई हेरोइन अरनियां पुलिस को सौंप दी गई है।
अरनियां सेक्टर में नेकोयाल और बुधवार पोस्ट के बीच देर रात अर्द्ध सुरक्षा बल की 193वीं वाहिनी के जवानों ने तारबंदी के पास दो लोगों की हलचल देखी। बीएसएफ प्रवक्ता ने बताया कि दोनों भारतीय सीमा में कुछ फेंकने की कोशिश कर रहे थे।
इसके जवाब में भारतीय जवानों ने दो राउंड फायर किए। इसके बाद दोनों सरकंडे की आड़ लेकर पाकिस्तान की ओर भाग गए। घुसपैठ की आशंका के बीच जवान उस क्षेत्र में सुबह तक नजर बनाए रखे।
रविवार सुबह जवानों ने इस इलाके में पेट्रोलिंग की। इस बीच तारबंदी से करीब 15 मीटर की दूरी पर दो पैकट दिखाई दिए। जांच में पता चला कि इनमें दो किलोग्राम हेरोइन है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत दस करोड़ रुपये आंकी गई है।
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों पाकिस्तानियों की मंशा केवल तारबंदी के पार तक ही इन पैकेटों को पहुंचाना था या घुसपैठ कर भारतीय सीमा में इसकी सप्लाई करना था। इसके पहले की घटनाओं पर नजर डालें तो पता चलता है कि ऐसे मादक पदार्थों के पैकेट तारबंदी के इस ओर या इसके पास ही मिले हैं।