रियासत जम्मू कश्मीर में बिजली बचत की तरफ सरकार की बड़ी कवायद के तहत पंद्रह मई से उजाला योजना को शुरू किया जाएगा। इस योजना के तहत बिजली उपभोक्ताओं में करीब 80 लाख एलईडी बल्ब वितरित किये जाएंगे।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने विभाग के आयुक्त सचिव धीरज गुप्ता से कहा हैं कि वह इस महत्त्वाकांक्षी उजाला परियोजना पर बेहतर तरीके से अमल करवाएं। केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के सहयोग से इस योजना को लागू किया जाएगा।
यह योजना अगर सफल रहती हैं तो रियासत में सालाना करीब 250 करोड़ रुपये की बिजली की बचत हो सकेगी। रियासत में बिजली के करीब 16 लाख उपभोक्ता हैं और प्रत्येक उपभोक्ता को करीब पांच एलईडी बल्ब मुहैया करवाएंगे जाएंगे।
रियासत में बिजली की बर्बादी पर करीब 50 फीसदी बिजली की बर्बादी हो जाती है। ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन लासिस को कम करने के लिए केंद्रीय विद्युत मंत्रालय ने भी रियासत को उचित कदम उठाने के लिए कहा हुआ है। इसी सिलसिले में उजाला योजना को राज्य सरकार लागू करने की तैयारी में जुटी है।