जम्मू से दिल्ली के बीच शुक्रवार से रात को भी हवाई यात्रा की जा सकेगी। जम्मू एयरपोर्ट से पहली बार रात्रि विमान सेवा शुरू हो रही है। दिल्ली-जम्मू के बीच गो एयर की 160 सीटर विमान की सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। यह फ्लाइट दिल्ली से छह बजे उड़ान भरेगी और साढ़े सात बजे जम्मू पहुुंचेगी। वापसी में दिल्ली के लिए आठ बजे उड़ान होगी।
रात्रि विमान सेवा शुरू करने को लेकर जम्मू एयरपोर्ट प्रबंधन ने सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। शुक्रवार फ्लाइट अपने तय समय पर होगी। जम्मू एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग के लिए तैयार कर लिया गया है। रनवे का विस्तार और लाइटिंग का काम पूरा हो चुका है। वीरवार को एयरपोर्ट प्रबंधन ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
जम्मू एयरपोर्ट संभाग में एक मात्र एयरपोर्ट होगा, जिससे रात्रि फ्लाइट का संचालन होगा। जम्मू एयरपोर्ट से अब तक शाम साढ़े चार बजे तक ही फ्लाइटों का संचालन हो रहा है, और दिन में 20 फ्लाइटें उड़ान भर रहीं थीं। जम्मू एयरपोर्ट के निदेशक एसके गर्ग ने कहा कि रात्रि विमान सेवा के संचालन को लेकर तैयारियां पूर कर ली गई हैं। शुक्रवार को फ्लाइट अपने तय समय पर संचालित होगी। फिलहाल वर्तमान स्टाफ के साथ ही रात्रि उड़ानों का संचालन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: आरटीपीसीआर की बढ़ेगी क्षमता, पांच जिलों में जल्द शुरू होंगी नई लैब
इंडिगो और स्पाइस जेट भी शुरू करेगी रात्रि उड़ान
रात्रि उड़ान संचालन के लिए जम्मू एयरपोर्ट तैयार होने के बाद कई विमानन कंपनियां रात्रि फ्लाइट शुरू करने की तैयारी कर रही हैं। गो एयर के बाद इंडिगो और स्पाइस जेट ने भी इसकी तैयारी की है।
दोनों कंपनियों ने एयरपोर्ट प्रबंधन से इसको लेकर अपनी इच्छा व्यक्त की है। जम्मू एयरपोर्ट से रात्रि फ्लाइट शुरू होने से न सिर्फ पर्यटन बल्कि टूर और ट्रैवल ऑपरेटरों को काफी लाभ मिलेगा। यह लोग लंबे समय से जम्मू से रात्रि उड़ान सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे।