जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के चिम्मर इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ में सुरक्षाबलों द्वारा तीन आतंकियों को मार दिया गया है। इसके साथ ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और तलाशी अभियान को तेज कर दिया गया है।
बता दें कि सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी जिसके बाद घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया था। इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सेना को इस बात की भी आशंका है कि इलाके में और आतंकी हो सकते हैं, इसलिए पूरी सावधानी के साथ इस ऑपरेशन को अंजाम दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- गर्मी का कहर: जम्मू-कश्मीर से रूठा मानसून, नहीं मिल पा रही गर्मी से राहत
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा के हरिपरिगाम इलाके में 27 जून आतंकियों ने पूर्व एसपीओ फैयाज अहमद, उनकी पत्नी और बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। एसपीओ की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं इस हमले में उनकी बेटी और पत्नी को भी गोली लगी थी जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान पत्नी की देर रात और बेटी की सोमवार सुबह मौत हो गई।
दरअसल इस हमले में रविवार शाम के समय आतंकियों ने घर में घुसकर अचानक फायरिंग कर दी जिसमें पूर्व एसपीओ की मौके पर मौत हो गई। उनके परिवार के अन्य दो सदस्य बुरी तरह से हमले में घायल हो गए थे जिनकी कुछ समय बाद मौत हो गई। कश्मीर जोन के आईजी विजय कुमार ने आतंकी हमले में मारे गए फैयाज अहमद के परिवार से मुलाकात की थी और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ सहानुभूति व्यक्त की।