जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने समर जोन 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। कोरोना संकट के चलते परीक्षाएं रद्द होने के कारण इस बार बोर्ड की ओर से नए तय फार्मूले पर जारी यह परीक्षा परिणाम 79 फीसदी रहा है। परीक्षार्थियों में 83 फीसदी छात्राएं और 76 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार दो प्रतिशत ज्यादा परीक्षार्थी पास हुए हैं।
विज्ञापन
साइंस, आर्ट्स और होम साइंस संकाय में लड़कियों ने टॉप किया है। कॉमर्स में लड़कों ने बाजी मारी है। महामारी की चुनौती के बीच बोर्ड ने परीक्षा रद्द होने के दो महीने बाद परिणाम घोषित किया है। रविवार को जारी परिणाम में साइंस संकाय में 99.2 फीसदी अंक के साथ आर्यवीर सिंह और लिजा शर्मा संयुक्त रूप से टॉपर रहे हैं। कॉमर्स में 99.2 फीसदी अंक के साथ सौरव चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मुबारक मंडी के सरकारी स्कूल की सृष्टि शर्मा ने 96.6 फीसदी अंकों के साथ होम साइंस में टॉप किया है। 99.2 फीसदी अंक के साथ मीनाक्षी आर्ट्स संकाय में पहले पायदान पर रहीं। कोरोना के कारण इस बार 12वीं की परीक्षा को पांच पेपर होने के बाद बीच में ही रद्द कर दिया गया था। बोर्ड ने इन पेपरों के आधार पर परिणाम जारी किया है।
बोर्ड परीक्षा में इस बार लड़कों और लड़कियों के पास प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है। लड़कियों ने पिछले वर्ष की तुलना में एक फीसदी, जबकि लड़कों के पास प्रतिशत में चार फीसदी बढ़ोतरी हुई है। जो परीक्षार्थी बोर्ड द्वारा बने फार्मूले के आधार पर बने रिजल्ट से संतुष्ट नहीं है, उन्हें पेपर देने का मौका मिलेगा।
45306 ने दी थी परीक्षा
बोर्ड से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि इस बार 45306 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें 35840 सफल हुए हैं। इनमें 25370 लड़के, जबकि 19929 लड़कियां हैं।