जवानों की कार्रवाई से अन्य आतंकी भाग निकले, मुठभेड़ में जवान भी हुआ घायल। मारे गए आतंकी से एके 47 राइफल, हैंड ग्रेनेड, मैगजीन बरामद, एलओसी पर सतर्कता बढ़ाई।
एलओसी पर राजोरी के कलाल क्षेत्र में सेना ने भारत-पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष विराम समझौते के बाद घुसपैठ की पहली कोशिश को नाकाम बनाते हुए एक घुसपैठिया को ढेर कर दिया। अन्य आतंकी सेना की जवाबी कार्रवाई से पीओके भाग निकले। इस ऑपरेशन के दौरान सेना का एक जवान भी घायल हुआ है जिसे एयरलिफ्ट कर सैन्य अस्पताल उधमपुर भेजा गया।
विज्ञापन
बुधवार की सुबह एलओसी पर तैनात जवानों ने संदिग्ध हलचल देखी। पता चला कि आतंकियों का एक ग्रुप घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा है। इस पर जवानों ने आतंकियों को ललकारा तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें एक आतंकी को मार गिराने में सफलता मिली। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि मारे गए आतंकी का शव बरामद कर लिया गया है।
घुसपैठिये के पास से एक एके 47 राइफल, चार मैगजीन, भारी मात्रा में हथियार, और दो हथगोले बरामद किए गए हैं। मारे गए आतंकी के साथ कुछ और आतंकी भी थे, जो सेना की फायरिंग के बाद वापस भाग गए। वहीं आतंकी ढेर करने के बाद सेना ने एलओसी से सटे इलाके में तलाशी अभिया चलाया। साथ ही पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और कड़ी की गई है।
वहीं इस पर मेजर जनरल राजीव पुरी ने कहा कि सेना के जवानों की अचूक बहादुरी से पता चलता है कि हम एलओसी के पार किसी भी पाकिस्तानी कार्रवाई को रोक सकते हैं।