Jammu and Kashmir new Chief Minister Mehbooba Mufti
- फोटो : PTI
रियासत में नई सरकार के गठन के साथ ही अब विधानसभा सत्र बुलाने की कवायद भी शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में नए सत्र की घोषणा हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि नई सरकार के अस्तित्व में आते ही विधानसभा सचिवालय की ओर से बजट सत्र बुलाने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है।
इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष संसदीय कार्य विभाग और कानून विभाग के मंत्रियों और अधिकारियों के साथ जल्द ही बैठक कर सकते हैं। बैठक के बाद प्रस्तावित तिथि को कैबिनेट मंजूरी देगी। इसके बाद राज्यपाल की ओर से विधानसभा सत्र की अधिसूचना जारी की जाएगी।
वित्त मंत्री डा. हसीब द्राबू ने भी बजट की तैयारियों के लिए विभागीय अधिकारियों को मंगलवार को हिदायत दी है। विधानसभा का बजट सत्र फरवरी में होना था, लेकिन मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद राज्यपाल शासन लागू हो जाने से इसे स्थगित कर दिया गया था।
रियासत में पीडीपी-भाजपा गठबंधन की सरकार न बनती देखकर तीन महीने के लिए राज्य प्रशासनिक परिषद (एसएसी) की ओर से लेखानुदान पारित किया गया था। इसकी अवधि जून में समाप्त हो जाएगी। इससे पहले राज्य का बजट विधानसभा से पारित कराना अनिवार्य होगा।