जम्मू कश्मीर के बारामूला के सोपोर इलाके से शनिवार को आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के शीर्ष कमांडर निसार अहमद डार उस्मान उर्फ उम्मर और उसके चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।
उसके कब्जे से एक एके 47 एक पिस्तौल 30 गोलियां एक मैगजीन तथा गोला बारूद भी मिले हैं। इससे पूर्व डार का संबंध लश्कर-ए-तोयबा से भी रहा है। वर्ष 2007 में इसे 50 हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया गया था। 2009 में रिहा होने के बाद वह हिजबुल-मुजाहिदीन में शामिल हो गया।
उत्तरी कश्मीर के डीआईजी जेपी सिंह ने इसे बड़ी कार्रवाई करार दिया। कहा, गुप्त सूचना के आधार पर इस सफल ऑपरेशन में पुलिस के अलावा 22 राष्ट्रीय रायफल्स तथा सीआरपीएफ की 179 बटालियन के संयुक्त दल ने हिस्सा लिया।
सोपोर के अलावा यह उत्तरी कश्मीर तथा श्रीनगर में लंबे समय से सक्रिय रहकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता रहा है। डार सैदवोरा, सोपोर का रहने वाला है।
डार सीमा पार बैठे हिजबुल कमांडर के निर्देश पर आतंकी हमले करता रहा है। वुल्लर लेक पर बनाए जा रहे डैम को रोकने के लिए इसी आतंकी ने पिछले साल अगस्त में हमला कर ठेकेदार तथा श्रमिकों को भगा दिया था।
सोपोर, हंदबाड़ा तथा पट्टन इलाकों में भी वह अन्य साथियों के साथ मिलकर कई हमले कर चुका है। मई 2011 में सोपोर के एक इलाके में पुलिस कांस्टेबल की हत्या में भी शामिल रहा है। 6 जुलाई 2011 में सोपोर पुलिस थाने में आईईडी ब्लास्ट में उसका हाथ रहा है।
15 अक्टूबर 2012 में उसने अपने कुछ साथियों के साथ एक होटल में हमला किया था। इसी साल तीन मार्च को उसने इकबाल मार्केट सोपोर में उसने पुलिस के गश्ती दल पर हमला कर एक पुलिस कर्मी की हत्या कर दी थी।