जम्मू। नगरोटा के माडल हायर सेकेंडरी स्कूल से मोबाइल बरामद होने पर भागीं दसवीं कक्षा की दोनों छात्राओं को पुलिस राजस्थान से ले आई है। छात्राओं ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पकड़े जाने से वह भयभीत थीं। डर था कि मां बाप की बहुत डांट पड़ेगी।
इसी डांट के डर से वह स्कूल छोड़ कर चली गईं। छात्राओं ने पुलिस को बताया कि वह जम्मू से ट्रेन पकड़कर चली गईं। ट्रेन राजस्थान पहुंच गई। उनके पास खाने पीने के पैसे भी नहीं थे। दो दिन तक वह भूखी प्यासी रहीं।
पुलिस का कहना है कि छात्राओं के बारे में जब पता चला कि वह राजस्थान में हैं तो वहां की पुलिस से संपर्क किया गया। राजस्थान पुलिस की मदद से छात्राओं को वहां के नारी निकेतन में रखा गया है। मंगलवार को जम्मू पुलिस राजस्थान पहुंच गई।
यहां से उन्हें जम्मू लाया गया और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मां बाप को सौंप दिया गया। उल्लेखनीय है कि दोनों छात्राएं कुछ दिन पहले स्कूल से भाग गई थीं। छात्राओं के बैग से शिक्षकों ने मोबाइल बरामद किए थे। इसके बाद अभिभावकों को बताया। जब स्कूल में आधी छुट्टी हुई तो वे स्कूल से भाग गईं। ब्यूरो