जम्मू-कश्मीर में 18 से 44 आयु वर्ग लोगों के लिए कोविड टीकाकरण अभियान में तेजी के लिए बुधवार को चिकित्सा केंद्रों पर सामान्य टीकाकरण के साथ कोविड टीकाकरण के भी निर्देश दिए हैं। इससे पहले बुधवार को सामान्य टीकाकरण नवजात (बच्चों और गर्भवती महिलाओं को लगने वाले टीके) के साथ कोविड टीकाकरण नहीं किया जा रहा था। अब कोविड टीकाकरण केंद्रों पर 50 फीसदी ऑनलाइन पंजीकृत और 50 फीसदी आन स्पॉट आने वाले लोगों को वैक्सीन देने का प्रावधान रखा गया है।
टीकाकरण महाअभियान में मंगलवार को दूसरे दिन जम्मू-कश्मीर में 37767 लोगों को टीकाकरण किया गया। मंगलवार को केंद्र से प्रदेश के लिए 78000 कोविड वैक्सीन डोज की पहुंच गई, इसमें 39000 जम्मू संभाग और बाकी कश्मीर के लिए भेजी जाएगी। अब तक जम्मू-कश्मीर में 18 से अधिक आयु वर्ग में करीब 40 लाख लोगों को टीकाकरण हो चुका है, जिसमें 34 लाख पहली डोज और छह लाख दूसरी डोज लेने वाले शामिल हैं। इसके लिए 36919 वैक्सीन का प्रदेश के बीस जिलों में इस्तेमाल किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: पीएए की अंतिम चयन सूची हफ्ते में हो सकती है जारी, 1889 पदों के लिए हुई थी लिखित परीक्षा
राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. शाहिद हुसैन के अनुसार टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए सभी उचित उपाय किए जा रहे हैं। जून के आगामी दिनों में केंद्र से लाखों डोज की खेप पहुंच रही है। टीकाकरण के लिए प्रदेश में प्रतिदिन 12000 तक केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिसमें वैक्सीन की डोज बढ़ने के साथ इसका विस्तार कियाजाएगा। आनलाइन स्लॉट पर पंजीकरण का शेड्यूल व्यस्त रहने के कारण अब वैक्सीन केंद्रों पर प्रतिदिन 50 फीसदी आनस्पाट आने वाले लोगों को वैक्सीन देने का कोटा रखा गया है।
प्रदेश में 45 से ऊपर आयु वालों का 80 फीसदी टीकाकरण किया
जम्मू-कश्मीर में अब तक 45 से अधिक आयु वर्ग में 3376196 लोगों के साथ 79.71 फीसदी टीकाकरण हो चुका है। इसमें जिला सांबा, जम्मू, गांदरबल और शोपियां में 100 फीसदी टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बांदीपोरा में भी 90 फीसदी से ऊपर टीकाकरण हो चुका है। कुपवाड़ा और श्रीनगर 55-55 फीसदी टीकाकरण के साथ सबसे पीछे चल रहे हैं। जम्मू संभाग में सबसे कम रियासी में 69.54 फीसदी लोगों का टीकाकरण हुआ है। अब तक हेल्थ केयर वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर और सीनियर सिटीजन वर्ग में 4036919 लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है।