जम्मू में प्रदर्शन करते एनआईटी छात्र
- फोटो : Amar Ujala
एनआईटी श्रीनगर के विद्यार्थियों की सोमवार को प्रदर्शनी मैदान में पुलिस से धक्का मुक्की हुई। प्रदर्शनी मैदान में एकत्रित हुए एर्नआईटी के विद्यार्थी तिरंगे झंडों के साथ साइंस कालेज और जम्मू विश्वविद्यालय तक रोष रैली निकालने जा रहे थे। पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। हालांकि विद्यार्थियों को डोगरा चौक से होते हुए विक्रम चौक तक रोष रैली निकालने की अनुमति प्रदान कर दी गई।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव फिरोज खान की अगुवाई में एनएसयूआई श्रीनगर के जम्मू के रहने वाले विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी मैदान में एकत्रित होकर मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
इस अवसर पर एनआईटी के छात्र विक्रम ने कहा कि पाक झंडे और आईएसआईएस के झंडे लहराने वालों पर तो कश्मीर घाटी में कार्रवाई नहीं होती लेकिन तिरंगा झंडा लेकर एनआईटी श्रीनगर में शांति पूर्ण रैली निकालने वालों पर बर्बर लाठीचार्ज हुआ और एफआईआर तक दर्ज की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक एनआईटी श्रीनगर प्रशासन में फेरबदल नहीं होता, एनआईटी श्रीनगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनुमति नहीं मिलती, गैर कश्मीरी विद्यार्थियों पर दर्ज की गई एफआईआर वापिस नहीं होती और लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती एनआईटी श्रीनगर के विद्यार्थी अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
इसके अलावा एनआईटी श्रीनगर से जम्मू कश्मीर पुलिस को हटाकर केंद्रीय बलों को तैनात कर गैर कश्मीरी विद्यार्थियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि करीब एक माह से कक्षाओं का बहिष्कार गैर कश्मीरी विद्यार्थी कर रहे है। पढ़ाई व भविष्य धूमिल रहा है लेकिन केंद्र व रियासती सरकार का रवैया अब तक उपेक्षापूर्ण रहा है।