विभाग बंटवारे से नाराज चल रहे भाजपा कोटे के मंत्री सज्जाद लोन को मनाने में भगवा खेमे को पसीने छूट रहे हैं। सरकार गठित हुए एक महीने से अधिक समय हो गया, लेकिन अब तक उन्होंने समाज कल्याण मंत्री का पद नहीं संभाला है।
सूत्रों का कहना है कि वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भी चाहते हैं। भाजपा की मुश्किल यह है कि रूठे सज्जाद को मनाने के लिए अपने ही कोटे से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का दायित्व संभाल रहे मंत्री की भी मान मनौव्वल करनी पड़ रही है।
हालांकि, भाजपा सूत्रों का दावा है कि सब कुछ ठीक कर लिया गया है। जल्द ही सज्जाद विभाग का कामकाज संभाल लेंगे। चार अप्रैल को शपथग्रहण के बाद जब विभागों का बंटवारा हुआ तो सज्जाद ने कार्यभार नहीं संभाला। इसके बाद उनके इस्तीफे की खबर आई, लेकिन भाजपा ने साफ किया था कि इस्तीफे जैसी कोई बात नहीं है। इस संबंध में आधिकारिक रूप से इस्तीफा नहीं दिया गया है।