आतंकवाद से हमेशा सुर्खियों में रहे कश्मीर के अनंतनाग जिले के मट्टन के देवीपोरा निवासी 23 वर्षीय अतहर आमिर उल शफी खान ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा 2015 में दूसरी रैंक हासिल कर जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन किया है।
खान ने लगातार दूसरी बार इस परीक्षा में सफलता हासिल की है। पहली बार 2014 की सिविल सेवा में पहले प्रयास में ही 560वीं रैंक हासिलकी थी। इस सपने के पूरा होने पर अतहर कहते हैं कि उनकी प्राथमिकता जम्मू-कश्मीर में प्रशासनिक सेवाएं देना है।
इसके लिए उन्होंने जम्मू-कश्मीर कैडर का आवेदन किया है। यदि यह अवसर मिलता है तो उन्हें बेहद खुशी होगी। जम्मू-कश्मीर में प्रशासनिक स्तर पर बहुत कुछ किया जा सकता है। अतहर आमिर ने बताया कि उनके अनपढ़ दादा स्कूल जाकर टीचरों से उनकी प्रोग्रेस रिपोर्ट लिया करते थे। इस तरह दादा ही उनकी प्रेरणा बने और वह देश में दूसरा स्थान हासिल कर पाए।