राज्य के मुख्य विपक्षी दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं।
पार्टी अपने सभी मौजूदा विधायकों को दोबारा चुनाव में उतारेगी। सोमवार को पीडीपी के संरक्षक मुफ्ती मोहम्मद सईद की अध्यक्षता में पार्टी के राजनीतिक मामलों संबंधी कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया।
बैठक में पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती समेत तीनों सांसद और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। आधिकारिक तौर पर पार्टी चंद दिनों के भीतर प्रत्याशियों के नाम सार्वजनिक करेगी।
सूत्रों ने बताया कि जद्दीबल से पार्टी इमरान अंसारी, खानियार से खुर्शीद आलम, हजरतबल से आसिया नकश और सोनवार से मोहम्मद इश्तियाक को प्रत्याशी बनाएगी।
बटमालु और बारामुला से भी प्रत्याशियों के नाम पर मंथन किया गया। इसके अलावा बैठक में राज्य के सियासी हालत और विरोधी दलों की गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मौजूद नेताओं को मुफ्ती मोहम्मद सईद ने अवाम से बड़े पैमाने पर संपर्क अभियान के जरिए जुड़ने और एक मजबूत सरकार देने के दावे के साथ लोगों के बीच जाने की हिदायत दी।