अमर उजाला ब्यूरो
कठुआ।
नेहरू युवा केंद्र द्वारा शनिवार को ब्लाक कीड़ियां गंडयाल के बीडीओ ब्लाक कार्यालय जंडोर में युवा ग्रामीण संसद का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को योग अभ्यास करवाया गया। इस बारे जानकारी देेते हुए सोमदत्त जर्द ने बताया कि 21 जून को विश्व योग दिवस है। इसी के साथ ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत करने के लिए योग अभ्यास भी करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योग करने से लोग खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बना सकते हैं। हर प्रकार के तनाव से मुुक्ति पा सकते हैं।
इस दौरान युवा संसद में उपस्थित पतंजलि के महिला विंग की जिला अध्यक्ष सुनीता वर्मा ने ग्रामीणों को योग अभ्यास करवाया, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं एवं युवा शामिल रहे। इस दौरान कोआर्डिनेटर ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा हर वर्ग को ध्यान में रख कई योजनाएं शुरू की गई है, जिसके लिए लोगों को स्वयं आगे बढ़ कर इन योजनाओं से लाभ प्राप्त करने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना से कौशल हासिल कर युवा खुद को रोजगार पाने में सक्षम बना सकते है।