कठुआ। तीन महीनों से पेयजल संकट से परेशान विभिन्न गांवों के लोगों ने वीरवार को जिला सचिवालय पहुंचकर जिला उपायुक्त को पेयजल समस्या से अवगत करवाया। लोगों ने बताया कि पाइपलाइन होने के बाद भी उन्हें पानी नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में उन्हें भारी दिक्कतों से दो चार होना पड़ रहा है।
जिला सचिवालय पहुंची महिलाओें में शामिल नीतू देवी, पोली देवी, संतोष कुमारी ने बताया कि गांव सुंजवा में बनाया गया ट्यूबवेल उनके गांवों को भी पानी सप्लाई करता था। लेकिन पिछले तीन महीनों से उन्हें पानी नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ट्यूबवेल पर जो व्यक्ति तैनात किया गया है वह मात्र सुंजवां के लोगाें को ही पानी दे रहा है। गांव करंडी खुर्द, लड़वाल, अंथड़, बकराक कालोनी को पानी नहीं मिल रहा हे। पिछले तीन महीनों में वह कई बार व्यक्ति से पानी छोड़ने के लिए कह चुके हैं। लेकिन जिस दिन वह बात करते हैं उसी दिन पानी है और उसके बाद बात फिर आई गई हो जाती है। उन्होंने बताया कि जेई से भी इस संबंध में बात की गई थी लेकिन उसे भी कोई गंभीरता नहीं दिखाई। मजबूर होकर उन्हें जिला स्तर पर इसकी शिकायत करनी पड़ रही है।