राजोरी। जिले के दो अलग अलग क्षेत्रों में दो किशोरियों ने अपने घरों में रहस्यमय परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर मौत को गले लगा लिया। जानकारी के अनुसार शहर के अंदरोला क्षेत्र की निवासी 17 वर्षीय किशोरी ने अपने ही घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। बेहोशी की हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक के बाद बिगड़ती हालत को देखते हुए जम्मू रेफर कर दिया गया। जम्मू जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिले के कोटरंका सब डिविजन के कंडी इलाके की निवासी 16 वर्षीय किशोरी ने भी अपने घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। बेहोशी की हालत में उसे भी जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल में उपचार कर रहे डाक्टर के अनुसार किशोरी को बचाने का बढ़ा प्रयास किया गया, लेकिन उसके शरीर में जहर इतना फैल चुका था कि उसने उपचार के दौरान जिला अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने दोनों मामलों का संज्ञान लेते हुए मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम व अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिवार के हवाले कर दिया गया है।