जीप खाई में गिरने से सात यात्री जख्मी
तीन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया
अमर उजाला ब्यूरो
रामनगर।
कुलवंता से रामनगर की ओर आ रही महिंद्रा जीप लंगा गांव के पास रविवार को गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में जीप में सवार सात यात्री घायल हो गए। घायलों को तुरंत रामनगर उप जिला अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद तीन को गंभीर हालत में उधमपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक जीप (जेके02एच3314) शाम को कुलवंता से रामनगर की ओर आ रही थी कि रास्ते में जिप के ड्राइवर से रास्ते में खडे़ लोगों ने आगे जाने के लिए लिफ्ट मांगी। ड्राइवर ने उनको गाड़ी में बिठा लिया और जब गाड़ी लंगा गांव के पास पहुंची तो गाड़ी अचानक ड्राइवर से बेकाबू होकर 20 फुट गहरी खाई में जा गिरी। मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। जिप से सभी सात घायलों हेम राज, चंचला देवी, सीमा देवी, सोम राज, कौशल्या, दीवान चंद और सचिन को निकाल कर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से सीमा, सोम राज और दीवान चंद की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने इन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।