चिनैनी। चिनैनी शिक्षा जोन के अंतर्गत एक प्राइमरी स्कूल में छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। रविवार को मामला थाने तक पहुंच गया। पीड़ित छात्र के पिता मदनलाल ने बताया कि उनके बच्चे ने उन्हें बताया कि शनिवार उसे स्कूल में पत्र लिखने को दिया गया था, जो वह पूरा नहीं लिख पाया। इसी को लेकर स्कूल की शिक्षिका ने उसकी पिटाई की। पिटाई से बच्चे की पीठ पर निशान बन गए हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात को जब वह घर आए तो उनका बेटा स्कूल से आकर सो गया था। जब उसे उठाया तो वह रोने लगा और उसने सारी बात बताई। रविवार की शाम को उन्होंने पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि उनके पास इस तरह कि शिकायत आई है, जिसको लेकर जांच की जा रही है। चिनैनी शिक्षा जोन की जेडईपीओ प्रभा देवी ने बताया कि उन्हें भी रविवार को इस तरह की जानकारी मिली है। सोमवार को स्कूल जाकर छानबीन करेंगी। ब्यूरो