डोडा। ऐसा पहली बार हुआ है कि कोई मुख्यमंत्री पंद्रह घंटे से भी ज्यादा देर तक लगातार बैठकर लोगाें की समस्याएं सुनता रहे और उसका निपटारा भी करता रहे। डोडा में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने रविवार साढ़े दस बजे से प्रतिनिधिमंडलों से मिलना शुरू किया जो सिलसिला रात के डेढ़ बजे तक जारी रहा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की शिकायत और मांग पर जिला अस्पताल, डोडा के लिए एक डिजिटल एक्सरे की खरीद के लिए 25 लाख और शहर में स्टेडियम के शेष काम को पूरा करने के लिए 20 लाख रुपये जारी करने की घोषणा कीं। वहीं महबूबा ने जिले के मरमत इलाके के रौत, बेहोत और बटकुंड गांवों में सामुदायिक हॉल का निर्माण करने की भी घोषणा कीं। आखिरी प्रतिनिधिमंडल डोडा के पालमस इलाके से आया था, जिसने करीब रात पौने दो बजे मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में फुटपाथ का निर्माण करने और शहर के परिपत्र सड़क के साथ क्षेत्र को जोड़ने की मांग की। उनकी दुर्दशा को देख कर, मुख्यमंत्री ने फुटपाथ के निर्माण और बिजली तथा पेयजल की सुविधा के विस्तार के लिए 15 लाख रुपये जारी करने की घोषणा कीं। जन पहुंच कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री से मिलने वाले लगभग 100 प्रतिनिधिमंडल और बड़ी संख्या में लोगों को देखते यह आधी रात तक जारी रहा, जिससे इसे कई दशकों में सबसे लंबी जन बातचीत में से एक कहा जा सकता है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के ये शिकायत निवारण शिविर आम तौर पर देर शाम तक जारी रहते हैं। शनिवार को किश्तवाड़ में शिविर का आयोजन 11 बजे शुरू हुआ और रात 11.30 बजे समाप्त हुआ था।