चिनैनी। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पत्नीटाप में नववर्ष को लेकर काउंट डाउन शुरू हो गया है। नववर्ष को लेकर मात्र 20 दिन ही बचे हैं। ऐसे में अभी से ही पत्नीटाप में नववर्ष मनाने वालों की ओर से एडवांस बुकिंग भी करवाने के लिए होटलों से संपर्क किया जाने लगा है। कई सैलानी आनलाइन एडवांस बुकिंग करवा चुके हैं तो कुछ अभी भी ताजा बर्फ बारी के इंतजार में हैं।
जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पत्नीटाप और कुद में कारोबारियों व सैलानियों की नजरें ताजा हिमपात पर है। हर कोई बदलते मौसम पर नजरे लगाए हुआ है ताकि पर्यटन स्थल बर्फ की सफेद चादर में लिपट सके और हर कोई उससे आकर्षित हो सके। पत्नीटाप के होटल मैनेजर रंगील सिंह और राजेश ठाकुर की मानें तो वर्तमान में नववर्ष को लेकर 15 से 20 प्रतिशत तक एडवांस बुकिंग हो गई है, लेकिन कुछ सैलानी फोन के जरिये पूछताछ तो कर रहे हैं, लेकिन साथ ही मौसम का हाल भी जान रहे हैं। यह भी जानकारी ले रहे हैं कि ताजा हिमपात की क्या संभावना है। कारोबारियों ने कहा कि यदि अगले सप्ताह तक ताजा हिमपात हो जाता है तो पत्नीटाप में एडवांस बुकिंग का दौर बढ़ जाएगा। उम्मीद है कि नव वर्ष पर पत्नीटाप पूरी तरह से पैक होगा। यदि बर्फ नहीं पड़ेगी तो पत्नीटाप में सैलानियों की संख्या पर भी असर पड़ेगा।