राजोरी। सरकारी भूमि पर किए गए कब्जे को हटाने व सरकारी भूमि को लोगों के प्रयोग में लाने के सिलसिले को जारी रखते हुए जिला प्रशासन ने करीब तीन सौ कनाल भूमि से अवैध कब्जा हटा दिया है।
डीसी राजोरी डा. शाहिद इकबाल चौधरी ने बताया कि कोटरंका स्थित सरकारी मिडिल स्कूल के आगे करीब 70 कनाल सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर एक व्यक्ति ने निर्माण कर लिया था। करीब 25 साल से व्यक्ति ने सरकारी भूमि पर कब्जा किए हुआ था। डीसी के निर्देश के बाद एसडीएम कोटरंका ने तहसीलदार व भारी पुलिस बल की मदद से अवैध कब्जा हटाने का प्रयास किया। इस दौरान टीम को कड़ा विरोध का सामना करना पड़ा। बताया कि उस व्यक्ति ने रातों-रात की सरकारी स्कूल की दीवार गिरा कर अपने घर का रास्ता तक बना लिया था। पुलिस व प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से चलाए अभियान में अवैध रूप से बनाए रास्ते को गिरा कर भूमि को अपने कब्जे में लिया गया। सरकारी स्कूल की भूमि पर अवैध कब्जे के दौरान हैडमास्टर की चुप्पी पर डीसी ने उसने जवाब मांगा है। डीसी ने बताया कि मोहम्मद बशीर के खिलाफ सरकारी भूमि पर कब्जा करने व स्कूल की दीवार गिराने को लेकर एफआईआर दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए हैं।