पिछले माह से सूबे चक्क गांव में पीएचई विभाग की तरफ से पेयजल आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने जल्द पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण उनको समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय पूर्व नायब सरपंच नरेन्द्र सिंह, केपी सिंह, शुभदेव सिंह ने बताया कि तीन माह पहले ट्यूबवेल की मोटर खराब हुई, जिसके बाद गांव में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। तीन माह की दौड़ धूप के बाद पांच दिन पहले विभाग द्वारा मोटर लगाई गई, लेकिन पानी निकालने से पहले ही मोटर खराब हो गई। टैंकर भी कभी-कभार ही आते हैं, जिनसे पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाता। उन्हाेंने चेतावनी देते हुए कहा कि विभाग उनके सब्र का अब और इम्तिहान न ले व जल्द गांव में पानी का प्रबंध करे अन्यथा मजबूरन सड़कों पर उतरना पडे़गा।