आरएस पुरा। गांव कोटली शाहदौला के सरकारी हाई स्कूल के मैदान पर शुक्रवार को पांचवें डीवीपी आल इंडिया कबड्डी टूर्नामेंट का उद्घाटन किया गया। भाजपा सांसद जुगल किशोर मुख्य अतिथि रहे।
उन्होंने शहीद डीवीपी स्पोर्ट्स एंड क्लब द्वारा कबड्डी टूर्नामेंट कराए जाने की सराहना की। कहा कि देश की खातिर बलिदान देने वाले जवानों पर देश को नाज है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को शहीदों के बारे में जानकारी मिलती है। युवाओं को खेलों की ओर ध्यान देना चाहिए और देश में अपना नाम रोशन करें।
शहीद डीवीपी स्पोर्ट्स एंड क्लब के चेयरमैन सुदेश कुमार एवं प्रधान शमशेर सिंह बाली ने बताया कि राज्य की सर्वश्रेष्ठ टीमों सहित पंजाब, हरियाणा, हिमाचल आदि राज्यों की टीमों के खिलाड़ी इस टूर्नामेंट भाग ले रहे हैं। फाइनल मैच रविवार को खेला जाऐगा। इस मौके पर भाजपा एससी मोर्चा के उपप्रधान डा कर्ण भगत, आरएस पुरा जिला प्रधान बृजेश्वर सिंह राणा, आरएस पुरा मंडल प्रधान नत्थाराम व मीरां साहिब प्रधान देवेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।